छपरा में दिनदहाड़े महिला से सोने की चेन की हुई लूट

WhatsApp Channel Join Now

सारण, 12 मई (हि.स.)। नगर थाना क्षेत्र के कटहरी बाग स्थित महारानी स्थान के समीप मंगलवार को बाइक सवार उचक्कों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।

घटना दोपहर की है जब सड़क पर सामान्य आवाजाही बनी हुई थी। पीड़िता की पहचान बिचला तेलपा निवासी संजय कुमार की पत्नी वसुंधरा देवी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, वसुंधरा देवी पैदल ही बैंक जा रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उन पर झपट्टा मारकर चैन छीन ली। बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। शोर मचाने पर जब तक स्थानीय लोग मदद को दौड़ते, अपराधी तेज रफ्तार में चंपत हो चुके थे।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आई। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story