गोगरा तटबंध सुरक्षित, घट रहा नदी का जलस्तर; अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
सीवान, 29 अगस्त (हि.स.)।
जिले में बाढ़ की आशंका के बीच जिला प्रशासन ने राहत की खबर दी है। रघुनाथपुर और दरौली प्रखंडों से होकर गुजरने वाले गोगरा तटबंध संख्या-07 को पूरी तरह सुरक्षित और सुदृढ़ पाया गया है।
शनिवार को जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीम ने तटबंध के किलोमीटर 24 से 39 तक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कहीं भी तटबंध पर खतरे जैसी स्थिति नहीं मिली।
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल से प्राप्त ताजा आंकड़ों के अनुसार नदी का जलस्तर भी लगातार नीचे जा रहा है। दरौली में जलस्तर 60.50 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 0.32 मीटर नीचे है। वहीं सिसवन में जलस्तर 55.85 मीटर रहा, जो खतरे के निशान से 1.19 मीटर नीचे है। प्रशासन के अनुसार नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे फिलहाल स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है।
तटबंध की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। तटबंध के प्रत्येक किलोमीटर पर श्रमिकों की तैनाती की गयी है, जो 24 घंटे निगरानी और गश्त कर रहे हैं। किसी भी संभावित स्थिति से तत्काल निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट रखा गया है। संयुक्त टीम ने गभिरार स्थित रतन बाबा ब्रह्म स्थल, नरहन रघुनाथपुर के छठ घाट, दरौली के पंचमंदिरा घाट और शिवाला घाट समेत कई संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य पायी गयी।
निरीक्षण में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन, कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, अंचलाधिकारी दरौली एवं रघुनाथपुर तथा दोनों प्रखंडों के थानाध्यक्ष समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है और आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा स्थिति पर 24×7 पैनी नजर रखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

