सांसद निशिकांत दुबे की पहल पर देवघर के दो गंभीर मरीजों को मिली 6 लाख की आर्थिक सहायता
भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। दो गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के बेहतर इलाज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से कुल छह लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे की विशेष पहल और अनुशंसा पर यह राशि जारी की गई है, जिससे पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
देवघर जिले के सारवां प्रखंड के शिवपुर गांव निवासी किशोरी प्रसाद यादव को किडनी प्रत्यारोपण के लिए तीन लाख रुपये की सहायता मंजूर हुई है। उनका इलाज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित प्रतिष्ठित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में होना है। सांसद ने इनके इलाज के लिए सात अक्तूबर को प्रधानमंत्री कार्यालय को अनुशंसा पत्र लिखा था।
देवघर निवासी पीयूष खवाड़े को कैंसर के इलाज के लिए तीन लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। उनका उपचार कोलकाता स्थित टाटा मेडिकल सेंटर में किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय ने तीन नवंबर 2026 को दोनों संबंधित अस्पतालों को अलग-अलग पत्र जारी कर सहायता स्वीकृति की औपचारिक सूचना भेज दी है। इसकी प्रतिलिपि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के साथ-साथ दोनों मरीजों के परिजन को भी उपलब्ध कराई गई है। नियमों के तहत, किडनी प्रत्यारोपण के मामले में इलाज पर होने वाले वास्तविक खर्च का अधिकतम 50 प्रतिशत या तीन लाख रुपये (जो भी कम हो) की राशि सीधे अस्पताल को प्रदान की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

