सेवा संकल्प के तहत 2811 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं एवं समुदाय विशेष गोदभराई कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प के तहत 2811 आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं एवं समुदाय विशेष गोदभराई कार्यक्रम


अररिया 01 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन कार्यक्रम अंतर्गत गुरुवार को जिले के सभी 2811 आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष गोदभराई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पोषण क्षेत्र की 3 से 4 माह की गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई तथा उन्हें गर्भावस्था के दौरान उचित पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं सुरक्षित मातृत्व से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में जीविका दीदियों, आशा दीदियों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के अन्य सदस्यों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिवारों को पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने तथा गर्भावस्था के दौरान विशेष सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।

भरगामा प्रखंड के एक आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित विशेष गोदभराई कार्यक्रम में नरपतगंज की विधायक देवयंती देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के लिए पोषण और नियमित देखभाल के महत्व पर प्रकाश डाला तथा समुदाय से पोषण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story