गंगा के छाड़न में पलटी नाव, बच्ची लापता

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर, 31 मार्च (हि.स.)। सिमरी प्रखंड के रामदास राय के डेरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को गंगा के छाड़न में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब महिला कामगारों से भरी एक छोटी नाव अचानक पलट गई। नाव पर करीब 11 महिलाएं और एक 10 वर्षीय बच्ची सवार थीं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाओं की चीख-पुकार गूंज उठी।

स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और एक-एक कर सभी 11 महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, राजापुर नौरंग राय के डेरा गांव निवासी लालबाबू राम की पुत्री नेहा कुमारी नाव के साथ पानी में लापता हो गई।

सभी महिलाएं रोजाना की तरह नाव से गंगा पार कर दियारा क्षेत्र में कटनी कार्य के लिए जा रही थीं, तभी अधिक भार और असंतुलन के कारण नाव पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से बच्ची की तलाश जारी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

Share this story