एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक ने न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
एनएफ रेलवे के महाप्रबंधक ने न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन का किया निरीक्षण


कटिहार, 22 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कटिहार मंडल के अंतर्गत न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर चल रहे वर्ल्ड क्लास स्टेशन विकास कार्यों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर जारी आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और निर्माण कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्टेशन रीडेवलपमेंट कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और काम को पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

स्टेशन निरीक्षण के अलावा, महाप्रबंधक ने ठाकुरगंज–गलगलिया–अररिया रेलखंड का विंडो ट्रेल निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक की स्थिति, बुनियादी संरचनाओं, परिचालन सुरक्षा और यात्री सुविधाओं का गहन अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने रौतारा स्थित बूट लॉन्ड्री का भी दौरा किया, जहाँ मशीनों के संचालन, कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक ने इस संबंध में बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस उच्च स्तरीय निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक के साथ मुख्य अभियंता (मालीगांव) करेंद्र नरह, एडीआरएम (न्यू जलपाईगुड़ी) अनूप कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल अभियंता, निर्माण अमित कुमार सिंह और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा अधिकारी सहित कई अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story