फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न


भागलपुर, 13 मई (हि.स.)। रेल अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने तथा यात्री सुविधाओं के निरंतर उन्नयन की दिशा में पूर्व रेलवे के मालदा मंडल ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के गर्डर लॉन्चिंग कार्य को सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न किया है।

बुधवार को मालदा डीविजन के पीआरओ ने दी और कहा कि यह कार्य पीरपैंती रेलवे स्टेशन के बाद इस प्रकार की दूसरी महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो आधुनिक एवं विश्वस्तरीय स्टेशन पुनर्विकास के माध्यम से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह कार्य मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण आरएसपी पूर्व रेलवे विनोद कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में गति शक्ति इकाई मालदा द्वारा संपन्न किया गया, जिसमें मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मनीष कुमार गुप्ता का सतत सहयोग तथा मुख्य अभियंता निर्माण/आरएसपी-III पूर्व रेलवे राकेश रंजन के नेतृत्व में कार्य सम्पन्न हुआ। यातायात अवरोध (ट्रैफिक ब्लॉक) से ठीक पहले तथा उसके दौरान भारी वर्षा, आंधी एवं तेज हवा जैसी प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के बावजूद यह कार्य मध्यवर्ती दो रात्रियों में निर्धारित 4 घंटे 30 मिनट के ट्रैफिक ब्लॉक (22:45 बजे से 03:15 बजे तक) के भीतर सफलतापूर्वक एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न किया गया।

गर्डरों को सुरक्षित रूप से स्थापित करने के उपरांत निर्धारित समय सीमा के भीतर ब्लॉक समाप्त कर दिया गया, जिससे ट्रेन सेवाओं का समयबद्ध एवं सुचारु पुनर्संचालन सुनिश्चित हुआ तथा यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई। यह फुट ओवर ब्रिज दो स्पैन से युक्त है, जिसमें कुल 22 गर्डर लगाए जा रहे हैं। प्रत्येक गर्डर की लंबाई लगभग 23 मीटर तथा वजन लगभग 8.3 मीट्रिक टन है। प्रत्येक दिन 250 एमटी क्षमता वाले रोड क्रेन की सहायता से स्पैनवार गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया गया। तकनीकी दृष्टि से महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण इस कार्य की सफल पूर्णता अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story