पन्नों में दर्ज होगी कटिहार की विरासत, डाटा सुधार के लिए विभागों को 14 दिन की मोहलत

WhatsApp Channel Join Now
पन्नों में दर्ज होगी कटिहार की विरासत, डाटा सुधार के लिए विभागों को 14 दिन की मोहलत


कटिहार, 22 अगस्त (हि.स.)। कटिहार जिले के समग्र इतिहास, संस्कृति और विकास यात्रा को संजोने के लिए तैयार किए जा रहे जिला गजेटियर की प्रगति को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में गजेटियर कमिटी की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी (डीएम) आशुतोष द्विवेदी ने विभिन्न विभागों से प्राप्त आंकड़ों व ड्राफ्ट की समीक्षा की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को डाटा में सुधार व अंतिम पांडुलिपि तैयार करने के लिए दो सप्ताह की मोहलत दी।

डीएम ने निर्देश दिया कि गजेटियर में जिले के ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, भौगोलिक एवं विकासात्मक पहलुओं का तथ्यात्मक व अद्यतन विवरण शामिल होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने आंकड़ों की सम्यक समीक्षा कर सामान्य प्रशाखा में ड्राफ्ट जमा करने को कहा। इसके साथ ही, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जिले में हुए प्रमुख विकासात्मक बदलावों और उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दर्ज करने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले की वर्तमान प्रगति का प्रामाणिक दस्तावेज तैयार हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि गजेटियर को रोचक और समृद्ध बनाने में आम जनता की भूमिका अहम है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि यदि उनके पास कटिहार के पौराणिक व ऐतिहासिक स्थलों, स्थानीय संस्कृति, महत्वपूर्ण घटनाओं से जुड़े पुराने दस्तावेज, तस्वीरें या लिखित साक्ष्य उपलब्ध हों, तो वे उन्हें समाहरणालय की सामान्य प्रशाखा में उपलब्ध कराएं।

बैठक में अपर समाहर्ता (एडीएम), वरीय उपसमाहर्ता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं गजेटियर कमिटी के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story