गैस आपूर्ति को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: जिलाधिकारी
कटिहार, 25 मई (हि. स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद और युद्ध के कारण घरेलू गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें पूरी तरह भ्रामक हैं। कटिहार जिले में एलपीजी गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। यह बात सोमवार को समाहरणालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला पदाधिकारी (डीएम) श्री आशुतोष द्विवेदी ने कही। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और गैस वितरकों के यहाँ अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के तीनों अनुमंडलों के प्रखंडों में कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स कार्यरत हैं। उपभोक्ताओं के लिए आज कुल 12,172 घरेलू एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि व्यावसायिक सिलेंडरों की संख्या 1152 है। इसके अलावा, आज 1478 घरेलू सिलेंडरों की नई आपूर्ति की जा रही है, जिससे सभी प्रखंडों में जरूरत के अनुसार आसानी से वितरण सुनिश्चित किया जा सके। उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन 13 मार्च 2026 से ही तेल कंपनियों (HPCL, BPCL, IOCL) के अधिकारियों के साथ निरंतर समीक्षा बैठकें कर रहा है।
गैस की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देशानुसार जिले में 16 धावा दलों का गठन किया गया है, जो लगातार गैस एजेंसियों और होटलों में छापेमारी कर रहे हैं। अब तक 835 स्थानों पर जांच की जा चुकी है और अवैध गतिविधियों के खिलाफ 5 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई हैं। वहीं, जिला कंट्रोल रूम को मिली 1150 शिकायतों में से 1149 का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे आवश्यक संस्थानों को बिना किसी बाधा के गैस आपूर्ति की जा रही है। एलपीजी वितरण को लेकर किसी भी प्रकार की असुविधा या कठिनाई के समाधान के लिए जिला स्तर पर दो हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 भी जारी किए गए हैं, जिस पर नागरिक अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

