कटिहार में गैस की किल्लत नहीं, 12 हजार से ज्यादा सिलेंडर स्टॉक में, अफवाहों पर न दें ध्यान

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 28 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बीच सोशल मीडिया पर गैस और पेट्रोल की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने विराम लगा दिया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने कहा कि कटिहार में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। अफवाहों से घबराकर एजेंसी पर भीड़ न लगाएं।

सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार ने बताया कि कटिहार के तीनों अनुमंडलों में कुल 54 गैस एजेंसियां हैं। इनके पास आज 12,601 घरेलू सिलेंडर स्टॉक में हैं। उन्होंने बताया कि कल 27 अप्रैल को 5759 बुकिंग के बदले 5360 सिलेंडर घर-घर पहुंचा दिए गए। इसके अलावा 1345 कमर्शियल सिलेंडर भी एजेंसियों के पास मौजूद हैं। आज 9342 और घरेलू सिलेंडर की सप्लाई मिलेगी।

सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी नर बताया कि कालाबाजारी पर नकेल कसने के लिए जिला में 16 धावा दल एक्टिव है। डीएम आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में 13 मार्च से ही एचपीसीएल , बीपीसीएल और आईओसीएल के अफसरों के साथ लगातार बैठक हो रही है। कंपनियों को पर्याप्त सप्लाई का निर्देश दिया गया है।

गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए गठित धावा दल होटल-ढाबों समेत 723 जगहों पर छापेमारी कर चुके हैं। अब तक 5 एफआईआर दर्ज हुई हैं। कंट्रोल रूम में आई 1069 शिकायतों में से 1068 का निपटारा हो चुका है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि धैर्य रखें और सोशल मीडिया की अफवाहों पर ध्यान न दें। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे जरूरी संस्थानों में गैस सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए तेल कंपनियों को खास निर्देश दिए गए हैं।किसी भी परेशानी के लिए हेल्पलाइन नंबर- 06452-239025 और 239026 पर कॉल कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story