कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : डीएसओ


कटिहार, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कटिहार जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि जिले में 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं, जिनके पास 13196 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। कल 6968 गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई है और आज 8019 सिलेंडर की आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में गैस की खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहां भीड़ न लगाएं। गैस आपूर्ति को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए निरंतर कदम उठाए जा रहे हैं। जरूरतमंद संस्थानों जैसे शिक्षा और स्वास्थ्य आदि को निर्वाध आपूर्ति के लिए निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने बताया कि गैस की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए 16 धावा दल का गठन किया गया है। अब तक 497 स्थानों पर छापामारी/निरीक्षण किया जा चुका है और 5 प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 06462-230025 और 239026 पर संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story