कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : एडीएसओ

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर ध्यान न दें : एडीएसओ


कटिहार, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे विवाद के कारण फैल रही अफवाहों के बीच, जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य है। प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुणाल कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिले में 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास 19033 घरेलू LPG सिलेंडर उपलब्ध हैं।

कुणाल कुमार ने बताया कि कल 7644 सिलेंडर की आपूर्ति की गई, और आज 6419 सिलेंडर की आपूर्ति होगी। उन्होंने बताया कि गैस की खपत के अनुसार आपूर्ति की जा रही है, और जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और गैस वितरकों के पास अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए 16 धावा दल का गठन किया गया है, और अब तक 5 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

दो हेल्पलाइन नंबर, 06452-239025 और 239026, गैस आपूर्ति संबंधी समस्याओं के लिए जारी किए गए हैं। लोगों से अनुरोध है कि वे इन नंबरों पर संपर्क करें और अफवाहों से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story