कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचें: डीएम

WhatsApp Channel Join Now
कटिहार में गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से बचें: डीएम


कटिहार, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य पूर्व में चल रहे विवाद के कारण गैस आपूर्ति पर असर पड़ने की अफवाहें हैं, लेकिन कटिहार में स्थिति सामान्य है। जिला प्रशासन ने 16 धावा दल गठित किए हैं और अफवाहों से बचने की अपील की है।

जिलाधिकारी ने बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कम्पनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स हैं, जिनके पास घरेलू उपभोक्ताओं के लिए शुक्रवार को कुल 21781 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। सभी कम्पनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा बीते 19 मार्च घरेलू गैस की बुकिंग 5290 के विरूद्ध 6352 गैस सिलेंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 1016 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं।

डीएम ने बताया कि जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और कम्पनियों द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है। शुक्रवार 20 मार्च को कुल 8460 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलेंडर मिल सके।

केन्द्र सरकार के अलावे राज्य स्तर से लेकर जिला एवं प्रखंड स्तरों पर एलपीजी गैस आपूर्ति व वितरण की गहन निगरानी की जा रही है, ताकि गैसों की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की बिक्री न हो सके। जिलान्तर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए जिला पदाधिकारी, कटिहार की अध्यक्षता में सभी अनुमंडल पदाधिकारी के साथ संबंधित पदाधिकारियों तथा एचपीसीएल , बीपीसीएल एवं आईओसीएल कम्पनियों के सेल्स मैनेजर के साथ सतत् समीक्षा बैठक की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला में आसामाजिक तत्वों के द्वारा एलपीजी गैस सिलेंडर एवं पेट्रोलियम पदार्थ की जमाखोरी, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी, अवैध रूप से एलपीजी गैस सिलेंडरों की बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान व कार्रवाई हेतु 16 धावा दल का गठन किया गया है। अब तक जिला में कुल 3 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

डीएम एवं एसपी ने एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि धैर्य बनाएं रखें और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म के माध्यम से प्रसारित अफवाहों व भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। अनावश्यक रूप से गैस वितरकों के यहाँ भीड़ न लगाएं। जरूरतमंद संस्थानों जैसे शिक्षा एवं स्वास्थ्य को निर्वाध आपूर्ति हेतु अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा निदेशित किया गया है।

तेल एवं प्राकृतिक गैस (एलपीजी) की उत्पन्न समस्याओं के मद्देनजर आमजन को होने वाले कठिनाईयों के निदान हेतु जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 06452-239025 एवं 239026 जारी किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story