एनएच 31 पर अनियंत्रित होकर पलटा गैस सिलेंडर से भरा हुआ ट्रक, टला बड़ा हादसा
कटिहार, 06 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत विषहरी स्थान के समीप शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवगछिया से पूर्णिया की ओर जा रहा एक गैस सिलेंडर से भरा हुआ ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में न तो गैस का रिसाव हुआ, न ही कोई विस्फोट हुआ और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे की है। गैस सिलेंडर से भरा हुआ ट्रक के पलटते ही जोरदार आवाज हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों को किसी बड़ी अनहोनी की आशंका सताने लगी और वे तुरंत घटनास्थल पर दौड़े। हालांकि, जब देखा गया कि कोई रिसाव नहीं हो रहा है, तो स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और तत्परता दिखाते हुए ट्रक के अंदर फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हादसे में चालक को केवल मामूली चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। ट्रक पलटने की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और प्रशासन की मदद से धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
प्रशासन के अनुसार, प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण वाहन की तेज रफ्तार या कोई तकनीकी खराबी प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

