जिले में गैस उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति मांग से अधिक

WhatsApp Channel Join Now
जिले में गैस उपलब्धता पर्याप्त, आपूर्ति मांग से अधिक


अररिया 20 मार्च(हि.स.)। समाहरणालय स्थित परमान सभागार में डीएम विनोद दूहन ने शुक्रवार को जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और वर्तमान में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिले में कुल 55 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं, जो नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक की स्थिति के अनुसार जिले में कुल 16,764 गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि पेंडिंग बुकिंग की संख्या 14,488 है। इससे स्पष्ट है कि गैस की आपूर्ति मांग से अधिक है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।

जिलाधिकारी ने कहा कि घरेलू एवं व्यवसायिक दोनों प्रकार के गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। साथ ही अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं मार्केटिंग अधिकारी क्षेत्र में सक्रिय रहकर गैस वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी कर रहे हैं। विभिन्न गैस एजेंसियों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।शहरी क्षेत्रों में गैस बुकिंग की अवधि 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन निर्धारित की गई है।

जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और आवश्यकता होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story