गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन


सुपौल, 10 अगस्त (हि.स.)। गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 04071/04072 के ठहराव की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने रेल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा ने गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल अधीक्षक के माध्यम से संबंधित रेल अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने मांग की कि सुपौल से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 04071 तथा नई दिल्ली से सुपौल आने वाली ट्रेन संख्या 04072, जो वर्तमान में स्पेशल ट्रेन के रूप में संचालित हो रही है, का गढ़ बरूआरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए।

लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि इस ट्रेन का गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर छात्रों, मजदूरों, नौकरी-पेशा लोगों और आम यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा होगी।

उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने के साथ रेलवे को भी अतिरिक्त यात्री और राजस्व प्राप्त हो सकता है। उन्होंने कहा कि गढ़ बरूआरी एवं आसपास के क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर रेल सुविधा की मांग करते आ रहे हैं। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन को इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक पहल करनी चाहिए और ट्रेन संख्या 04071/04072 का गढ़ बरूआरी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करना चाहिए।

युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव ने कहा कि यदि रेलवे प्रशासन द्वारा इस जनहित की मांग पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो यात्रियों की समस्या को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित रेल प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पिंटू कुमार सिंह, शंकर कुमार सिंह, दिनेश कुमार, प्रभु कुमार, रोशन कुमार, ललित, सत्य नारायण सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story