एसएसबी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 176 किलो गांजा जब्त,तीन गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी और बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 176 किलो गांजा जब्त,तीन गिरफ्तार


अररिया 29 सितम्बर(हि.स.)। सीमा सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 56वीं वाहिनी की आई समवाय फुलकाहा और बीओपी पथरदेवा के साथ बथनाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने संयुक्त रूप से मंगलवार की सुबह कार्रवाई करते हुए भारत-नेपाल सीमा के पास से 176 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।

एसएसबी 56वीं वाहिनी की आई समवाय फुलकाहा, बाह्य सीमा चौकी पथरदेवा के साथ बथनाहा थाना पुलिस द्वारा भारत-नेपाल सीमा स्तंभ संख्या 184 से लगभग 1 किलोमीटर भारत की तरफ विशेष संयुक्त नाका लगाया गया।नाका ड्यूटी के दौरान नेपाल की ओर से सिर पर बोरे लादकर आ रहे कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर पुलिस और एसएसबी जवानों ने त्वरित कार्रवाई की।तस्करों ने बोरा फेंककर भागने की कोशिश की,जिसे एसएसबी जवान और पुलिस ने धर दबोचा। तस्करों के पास से 176 किलो गांजा,तीन मोबाइल बरामद किया गया।

गिरफ्तार किए गए तस्करों में सहरसा जिला के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के मखार निवासी 35 वर्षीय

रूपेश कुमार यादव ,सहरसा जिला के बनगांव थाना क्षेत्र के बरियाही निवासी 32 वर्षीय

जय कुमार यादव और 21 वर्षीय प्रतोष कुमार यादव है।

प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने बताया कि गांजा का यह खेप नेपाल के सुनसरी जिले के खड़ही टोला से लाई जा रही थी और इसे बिहार के सुपौल जिले में पहुंचाया जाना था। गिरफ्तार अभियुक्तों के तार नेपाल और बिहार के स्थानीय तस्कर सिंडिकेट से जुड़े होने की बात एसएसबी के अधिकारियों ने कही।

अग्रिम कार्रवाई के लिए जब्त गांजा एवं अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार अभियुक्तों को बथनाहा पुलिस थाना के सुपुर्द किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Share this story