सबौर में गंगा का कटाव जारी, संकट गहराया, ग्रामीणों ने सरकार से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
सबौर में गंगा का कटाव जारी, संकट गहराया, ग्रामीणों ने सरकार से लगाई गुहार


भागलपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत ममलखा पंचायत क्षेत्र में गंगा नदी के लगातार हो रहे कटाव से हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर अपनी समस्याओं को सामने रखा और सरकार और प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गंगा नदी के कटाव के कारण वे अत्यधिक परेशान हैं। यह समस्या केवल वर्तमान की नहीं, बल्कि वर्षों से उनके जीवन, आजीविका और अस्तित्व के लिए खतरा बनी हुई है। खेती योग्य जमीन, घर, सड़कें और सार्वजनिक संपत्तियां धीरे-धीरे नदी में समाती जा रही हैं। जिससे कई परिवार बेघर हो चुके हैं और पलायन के लिए मजबूर हैं। प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि कई बार स्थानीय प्रशासन, जिला पदाधिकारियों और संबंधित विभागों को आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। हर साल बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है, जब गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ कटाव तेज हो जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि जिस जमीन पर कभी खेती होती थी, आज वहां केवल पानी नजर आता है। इससे किसानों की आजीविका पर गहरा असर पड़ा है और बेरोजगारी और गरीबी बढ़ रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाढ़ के समय अस्थायी उपाय जैसे बालू की बोरियां डालना या तटबंध की मरम्मत की जाती है, जो कुछ समय के लिए राहत तो देती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि कटाव रोकने के लिए ठोस और स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि उनके गांव और भविष्य को बचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story