लगातार हो रही बारिश से बढ़ा गंगा का जलस्तर, बढ़ा कटाव का खतरा, बचाव कार्य तेज
भागलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा किनारे बसे इलाकों में कटाव का खतरा भी गहराने लगा है।
संभावित खतरे को देखते हुए संबंधित विभाग ने एहतियात के तौर पर बचाव कार्य तेज कर दिया है। कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जियो बैग डालकर तट को मजबूत किया जा रहा है, ताकि कटाव को रोका जा सके। माणिक सरकार घाट के आसपास का इलाका सबसे संवेदनशील माना जा रहा है। पिछले वर्ष यहां गंगा के कटाव की चपेट में आने से यहां कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इसी को देखते हुए इस बार प्रशासन और विभाग समय रहते सुरक्षा उपायों में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि गंगा के जलस्तर और कटाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय पर निपटा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

