गंगा खतरे के निशान के करीब, दियारा क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now

बक्सर/चक्की, 03 सितंबर (हि.स.)। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को जलस्तर 60.29 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 60.32 मीटर से महज तीन सेंटीमीटर नीचे है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने दियारा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है।

चक्की सीओ संगीता कुमारी ने जवही दियर समेत चक्की महाजी डेरा, विशेषण डेरा और अन्य दियारा क्षेत्रों का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में जल्द नाव की व्यवस्था करने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

सीओ ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली राहत उपलब्ध कराई जाएगी। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालकर स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा।

इधर, तटबंधों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों को भी मुस्तैद रखा गया है। प्रशासन ने लोगों से घाटों पर गहरे पानी में नहीं जाने और नदी व तटबंध से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story