गंगा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना: कटिहार में तेजी से चल रहा काम

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 13 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने कटिहार सांसद तारिक अनवर को पत्र लिखकर बताया है कि कटिहार जिले के मनिहारी में गंगा रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य गंगा तट के बेहतर उपयोग और क्षेत्र के समुचित विकास को बढ़ावा देना है।

12 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा निर्माण

कटिहार जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने तरीक अनवर को पत्र में लिखा है कि मनिहारी गंगा रिवर फ्रंट डेवलेपमेंट का निर्माण लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह परियोजना नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा विकसित की जा रही है।

63% काम पूरा, शेष कार्य जल्द होगा पूरा

मंत्रालय के अनुसार, मनिहारी गंगा रिवर फ्रंट का निर्माण कार्य लगभग 63% पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य शीघ्र पूरा किए जाने का प्रस्ताव है। परियोजना पूर्ण होने के बाद इसकी उपयोगिता के अनुसार आगे की विकास योजनाओं पर भी विचार किया जाएगा।

सांसद अनवर का प्रयास सराहनीय

प्रवक्ता पंकज तमाखुवाला ने बताया कि तरीक अनवर लगातार कटिहार क्षेत्र के समुचित विकास और गंगा तट के बेहतर उपयोग के लिए केंद्र सरकार के साथ संवाद करते रहे हैं। उनके प्रयासों से इस परियोजना को गति मिली है और जल्द ही इसका लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story