गंगा कटाव से दहशत, घरों से महज 50 मीटर दूर पहुंचा खतरा, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
गंगा कटाव से दहशत, घरों से महज 50 मीटर दूर पहुंचा खतरा, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के सबौर प्रखंड अंतर्गत रजंदीपुर पंचायत के संतनगर गांव में गंगा का कटाव लगातार तेज होता जा रहा है। कटाव की रफ्तार इतनी अधिक है कि अब ग्रामीणों के घरों से महज लगभग 50 मीटर की दूरी पर नदी पहुंच चुकी है। इससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटाव रोकने के लिए ठोस और स्थायी उपाय नहीं किए गए, तो कई घर गंगा में समा सकते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, कटाव लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। कटाव प्रभावित इलाके में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। आशंका बनी रहती है कि कहीं अचानक कटाव बढ़ने से घर धराशायी न हो जाएं। इसी डर के कारण कई परिवार रात भर जागकर निगरानी करते हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण कटाव स्थल पर एकत्र हुए और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

ग्रामीणों ने कहा कि जल्द से जल्द बोल्डर पिचिंग, कटाव निरोधी कार्य और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय शुरू किए जाएं, ताकि गांव और लोगों की जिंदगी सुरक्षित रह सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से अपील की है कि संतनगर में तेजी से हो रहे कटाव का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाए।

उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ी जन-धन हानि से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पूरे गांव में भय और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और लोग प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story