गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ, जल संरक्षण पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
गंगा स्वच्छता पखवाड़ा का शुभारंभ, जल संरक्षण पर जोर


कटिहार, 19 मार्च (हि.स.)। गंगा भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है और इसकी निर्मलता एवं अविरलता को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़ा कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त अमित कुमार ने उक्त बातें कही। उन्होंने कहा कि गंगा और अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता कुमार धनंजय ने युवाओं से जल संरक्षण और स्वच्छता के संदेश को फैलाने की अपील की, जबकि निदेशक डीआरडीए सुदामा प्रसाद सिंह ने जन भागीदारी से गंगा को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते शहरीकरण, औद्योगिक गतिविधियों तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट के कारण गंगा सहित उन नदियों का प्रदूषण का दबाव बढ़ता जा रहा है।

इस पखवाड़े में स्वच्छता श्रमदान, पौधारोपण, नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला परियोजना पदाधिकारी ब्रजमोहन प्रसाद यादव ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न जल स्रोतों एवं घाटों पर स्वच्छता के लिए श्रमदान किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story