बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना और ज्वेलर्स दुकानदार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
बंद घरों को निशाना बनाने वाले चोर गिरोह का पर्दाफाश, सरगना और ज्वेलर्स दुकानदार गिरफ्तार


किशनगंज, 20 नवंबर (हि.स.)। बंद घरों की रेकी कर रात में खिड़की का ग्रिल और ताला काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का किशनगंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना और चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर्स दुकानदार को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर 20 ग्राम गलाया हुआ सोना और गृहभेदन में इस्तेमाल किए जाने वाले कई औजार बरामद किए गए हैं। इस मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। शुक्रवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने यह जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि बीते 5 नवंबर की रात किशनगंज थाना क्षेत्र के सफानगर निवासी मुखलिस आलम के बंद घर की खिड़की का ग्रिल काटकर चोरों ने अलमारी से सोने की चेन और झुमका चोरी कर लिया था। इस संबंध में 6 नवंबर को किशनगंज थाना कांड संख्या 1219/26, धारा 305(ए)/331(4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। इसी क्रम में 19 नवंबर को पुलिस ने गिरोह के सरगना इन्तेखाब निवासी मोहिद्दीनपुर, को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि गिरोह के सदस्य दिन में घूमकर लंबे समय से बंद पड़े घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। गिरोह में सात से आठ अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आई है।

सरगना की निशानदेही पर पुलिस ने बेलवा बाजार स्थित रौशन ज्वेलर्स के संचालक राजाराम स्वर्णकार को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, चोरी का सोना उसे बेचा गया था, जिसे गलाकर सोनार पट्टी रोड स्थित सिद्धनाथ दुकान में पहुंचाया गया था। वहां से 20 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया गया। इसके अलावा रमजान नदी किनारे झाड़ी में छिपाकर रखे गए चोरी में इस्तेमाल औजार भी जब्त किए गए। इससे पहले 14 नवंबर को गोरे लाल कामती और 18 नवंबर को अब्दुल मलिक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इनके पास से पांच ग्राम सोने का झुमका, पांच चांदी की अंगूठियां, कटर मशीन, रिंच सहित अन्य सामान बरामद हुए थे।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की रकम की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है। जिले में इस गिरोह द्वारा अंजाम दी गई अन्य चोरी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है। मामले के उद्भेदन में एसडीपीओ-1 खुशरू सिराज, सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक सहित एसआईटी के अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story