सरकारी योजनाओं की राशि उड़ाने वाला गिरोह का पर्दाफाश

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी योजनाओं की राशि उड़ाने वाला गिरोह का पर्दाफाश


भागलपुर, 25 मार्च (हि.स.)। जिले के पिरपैंती थाना क्षेत्र में साइबर अपराध के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। जहां फिंगरप्रिंट क्लोन बनाकर सरकारी योजनाओं की राशि की अवैध निकासी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।

सिटी एसपी ने बताया कि मामले की शुरुआत खोशलपुर निवासी प्रभात कुमार द्वारा 23 मार्च को साइबर थाना में दिए गए लिखित आवेदन से हुई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम का गठन किया और खोशलपुर स्थित एक सीएसपी (कस्टमर सर्विस प्वाइंट) केंद्र पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान सीएसपी संचालक राजकिशोर यादव के केंद्र से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। इनमें सिलिकॉन पेपर पर तैयार करीब 320 लोगों के आधार नंबर के साथ फिंगरप्रिंट क्लोन, लैपटॉप, कई बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, फिंगरप्रिंट कैप्चर मशीन सहित अन्य उपकरण शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों के फिंगरप्रिंट का क्लोन तैयार कर उनके बैंक खातों से सरकारी योजनाओं की राशि की निकासी करता था। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की हेराफेरी की आशंका जताई जा रही है। सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story