किशनगंज पहुंचे उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के सदस्य गणेश कानू, युवाओं को दिया उद्यमिता का मंत्र
किशनगंज, 19 सितंबर (हि.स.)। बिहार राज्य उद्यमी एवं व्यवसायी आयोग के सदस्य गणेश कानू शनिवार को किशनगंज पहुंचे। जिला अतिथि गृह में उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक समेत जिले के विभिन्न उद्यमियों एवं व्यवसायियों से मुलाकात की। इस दौरान उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
व्यवसायियों ने स्थानीय स्तर पर उद्योग को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने तथा व्यापार के विस्तार से संबंधित विषयों पर अपनी बातें रखीं। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे गणेश कानू ने जैन धर्मशाला में आयोजित बाबा गणिनाथ जी महाराज की जयंती समारोह में भाग लिया। उन्होंने समारोह में उपस्थित लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं तथा सामाजिक एवं आर्थिक विकास में उद्यमिता की भूमिका पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान किशनगंज के युवा उद्यमियों अनुराग गुप्ता, रिशाव झा, अंकुश गुप्ता, सोनू, शिवा समेत अन्य युवाओं ने भी आयोग के सदस्य से मुलाकात की। गणेश कानू ने युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में रोजगार तलाशने के साथ रोजगार सृजन की क्षमता विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए व्यवसाय शुरू करने से पहले बाजार की आवश्यकता, पूंजी, प्रबंधन और भविष्य की संभावनाओं को समझना जरूरी है।
उन्होंने युवाओं को उद्यमिता से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी देते हुए व्यवसाय शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन किया। इस दौरान युवाओं ने उद्योग एवं व्यापार से संबंधित कई सवाल रखे, जिन पर आयोग के सदस्य ने चर्चा की।युवाओं ने आयोग की भूमिका, उपलब्ध अवसरों तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने से संबंधित विषयों की जानकारी भी ली। मुलाकात के दौरान स्थानीय स्तर पर युवाओं को व्यवसाय से जोड़ने और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

