गांधी मैदान में गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ, दर्शन के लिए खुले पट

WhatsApp Channel Join Now
गांधी मैदान में गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ, दर्शन के लिए खुले पट


सुपौल, 15 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय गांधी मैदान में श्री गणेश महोत्सव 2026 का मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भव्य शुभारंभ हुआ। सुबह 7:15 बजे पूजा समिति के प्रतिनिधि एवं यजमान कुंदन कुमार जायसवाल की उपस्थिति में संकल्प पूजन संपन्न कराया गया। तंत्राचार्य अरुण कुमार झा (मुन्ना जी) के मार्गदर्शन में सहायक पंडित राजन कुमार राय, रजनीकांत केशव एवं सुधीर मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया।

मंत्रोच्चार से पूरा गांधी मैदान भक्तिमय वातावरण में डूब गया। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद करीब 10:30 बजे आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पूजा पंडाल के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूजा समिति के पदाधिकारी सक्रिय हैं। समिति के अध्यक्ष राम लखन चौधरी, उपाध्यक्ष उमेश चौधरी एवं नवीन गुप्ता, सचिव ललन कुमार चौधरी, उपसचिव बबलू चौधरी, बंटी मिश्रा एवं प्रवीण कुमार तथा कोषाध्यक्ष बैजनाथ कुमार (बैजू) प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

वहीं, मेला प्रभारी सुमन गुप्ता के नेतृत्व में मेला प्रबंधन तथा पूजा प्रभारी राघव, रोहित, शिवम, आशीष एवं सिंटू व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जुटे हैं। मेला परिसर में श्रद्धालुओं एवं बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा खरीदारी के लिए भव्य मीना बाजार भी सजाया गया है। पूजा समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सपरिवार गणेश महोत्सव में पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन-पूजन करने तथा मेले का आनंद उठाने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story