गांधी मैदान में गूंजा देशभक्ति का तरानामा

WhatsApp Channel Join Now
गांधी मैदान में गूंजा देशभक्ति का तरानामा


गांधी मैदान में गूंजा देशभक्ति का तरानामा


सुपौल, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में सशस्त्र सीमा बल , रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र, सुपौल की ओर से जैज बैंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

सशस्त्र सीमा बल के रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र के उप महानिरीक्षक विजय सिंह के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जैज बैंड की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया। जैज बैंड द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओत-प्रोत धुनों से गांधी मैदान का पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से सराबोर हो गया। मधुर संगीत और देशभक्ति की धुनों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और कार्यक्रम का आनंद लिया।

कार्यक्रम में उत्क्रमित हाई स्कूल डभारी, सुपौल की छात्रा लक्ष्मी कुमारी ने भी देशभक्ति गीत की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी मधुर एवं भावपूर्ण आवाज ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्रा की प्रस्तुति से कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग और गहरा हो गया तथा लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर कुमार साहू, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, सशस्त्र सीमा बल के उप कमांडेंट, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, बड़ी संख्या में आमजन एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एसएसबी के जैज बैंड की शानदार प्रस्तुति और छात्रा लक्ष्मी कुमारी द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीत की जमकर सराहना की।

स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया। गांधी मैदान में जैज बैंड की धुनों के बीच देशभक्ति का ऐसा माहौल बना कि पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव की पृष्ठभूमि तैयार करने के साथ आम लोगों को तिरंगे और राष्ट्र के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story