गांधी जयंती और जन सुराज के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम
सुपौल, 02 अक्टूबर (हि.स.)।
गांधी जयंती एवं जन सुराज पार्टी के प्रथम स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को जन सुराज पार्टी कार्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के विचारों और उनके बताए सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने का संदेश दिया था।
जन सुराज भी आम लोगों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है।
कई मामलों में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से लोग निराश होते हैं। ऐसे लोगों की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान की पहल के लिए जन सुराज जन सेवा केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दारेन रसीद ने कहा कि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और विभागीय कार्यों का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी नागरिक को कार्यालयों में अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है या उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं होती है, तो जन सेवा केंद्र के माध्यम से उसकी समस्या को संबंधित विभाग के समक्ष रखा जाएगा।
पार्टी की मुख्य प्रवक्ता रीति झा ने कहा कि जन सेवा केंद्र केवल शिकायत लेने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभाग से संपर्क कर पहल भी करेगा। बैठक में सर्वसम्मति से जन सुराज जन सेवा केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया गया।
पार्टी नेताओं ने बताया कि केंद्र के माध्यम से कोई भी नागरिक जनहित एवं भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकेगा। इसके अलावा सरकारी विभागों से जुड़ी समस्याएं, प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने अथवा अन्य जनसमस्याओं को भी केंद्र के माध्यम से संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा। मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नीलम सिंह, युवा अध्यक्ष महान जी, तपेश्वर भारती, कोषाध्यक्ष मदन मोहन झा, नगर अध्यक्ष संजय यादव, नगर महामंत्री सिद्धिनाथ मिश्रा, मनीष चौधरी, संजय झा, संघर्ष वाहिनी जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिन्हा, चितरंजन झा, शिवशंकर मंडल, अवधेश गुप्ता, मो. इकबाल, रामनारायण कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

