मादक पदार्थ छापेमारी में शिथिलता पर गलगलिया थानाध्यक्ष निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
मादक पदार्थ छापेमारी में शिथिलता पर गलगलिया थानाध्यक्ष निलंबित


किशनगंज, 15 सितंबर (हि.स.)। कर्तव्य में लापरवाही, संदिग्ध आचरण और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने गलगलिया थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 12 सितंबर को थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान के दौरान उनकी कार्यशैली में शिथिलता और संदिग्ध आचरण की शिकायत सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

मंगलवार को पुलिस कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 सितंबर को गलगलिया थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध पुलिस की ओर से विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान थानाध्यक्ष राकेश कुमार के संदिग्ध आचरण एवं कार्यशैली में भारी शिथिलता बरते जाने की गुप्त सूचना वरीय अधिकारियों को मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी संतोष कुमार ने तत्काल एसडीपीओ-2 को जांच का निर्देश दिया। एसडीपीओ की ओर से प्रस्तुत प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में थानाध्यक्ष पर लगाए गए आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि हुई। रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राकेश कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उनसे मामले में विधिवत स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।निलंबन अवधि के दौरान उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार जीवन-यापन भत्ता देय होगा।

एसपी संतोष कुमार ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, मनमाना रवैया, अनुशासनहीनता अथवा संदिग्ध आचरण किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। भविष्य में भी किसी पदाधिकारी या कर्मी के गैर-जिम्मेदाराना आचरण में संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story