गन्ना किसानों को उन्नत खेती के गुर, जैविक खाद बनाने की भी मिली जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
गन्ना किसानों को उन्नत खेती के गुर, जैविक खाद बनाने की भी मिली जानकारी


बेतिया, 09 अक्टूबर (हि.स.)।

एचपीसीएल चीनी मिल परिसर में शुक्रवार को गन्ना पौध तकनीक के विस्तार को लेकर किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम और संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें किसानों को कम लागत में गन्ने की अधिक पैदावार हासिल करने के तरीके बताए गए।

गन्ना उद्योग विभाग और चीनी मिल के अधिकारियों ने किसानों को उन्नत बीज, गन्ना पंजीकरण, खेत की तैयारी, सही मात्रा में खाद के इस्तेमाल, मिट्टी की जांच और फसल में लगने वाले रोगों से बचाव की जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना, गन्ना यंत्रीकरण योजना और कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान के बारे में बताया गया। किसानों को नई तकनीक अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

जबलपुर स्थित टीसीबीटी जैविक किसान केंद्र से आए जैविक कृषि विशेषज्ञ दीप चंद्र सूर्यवंशी ने जैविक खाद बनाने और खेती में उसके इस्तेमाल की जानकारी दी। उन्होंने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने के उपाय बताए।

कार्यक्रम का संचालन दीपक पटेल ने किया। मौके पर कृषि वैज्ञानिक बीके सिंह, गन्ना प्रसार पदाधिकारी रंजन कुमार, हरिश्चंद्र श्रीवास्तव और अजय तिवारी सहायक गन्ना प्रबंधक,डीके पाठक,एसपी पांडेय,जितेंद्र विश्वकर्मा और दीनानाथ प्रसाद मौजूद रहे। वहीं अनिल कुमार,राम शर्मा, पिंटू कुमार,जय मोहन प्रसाद, उमेश सिंह और उपेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story