आंधी में पेड़ गिरने से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत

WhatsApp Channel Join Now
आंधी में पेड़ गिरने से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत


भागलपुर, 27 मई (हि.स.)। जिले के परबत्ता थाना क्षेत्र के राधोपुर गांव में सोमवार की रात आए तेज आंधी और तूफान ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी से पेड़ के चपेट में घायल हुए हरी प्रसाद मंडल की बुधवार को मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हरी प्रसाद मंडल अपने बासा पर सोए हुए थे, तभी तेज आंधी के दौरान अचानक एक बड़ा पेड़ उनके शरीर पर गिर पड़ा। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सरकारी पीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान हरी प्रसाद मंडल की मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार आंधी और तूफान के कारण कई जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story