महाराजा कामेश्वर सिंह की जयंती पर सेवा और स्मरण का आयोजन, दरभंगा एयरपोर्ट के नामकरण की उठी मांग
दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)।
मिथिला के ऐतिहासिक, शैक्षणिक और सामाजिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह की 119वीं जयंती पर कामेश्वर नगर स्थित महाराजा कामेश्वर सिंह मेमोरियल अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। जयंती समारोह में जहां उनके ऐतिहासिक योगदान पर चर्चा हुई, वहीं जनसेवा के माध्यम से उनके प्रति सम्मान प्रकट किया गया। इस अवसर पर दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाराजा कामेश्वर सिंह के नाम पर रखने की मांग भी प्रमुखता से उठी।
राज दरभंगा एवं कामेश्वर धार्मिक ट्रस्ट के ट्रस्टी कुमार राजेश्वर सिंह और कुमार कपिलेश्वर सिंह के सानिध्य में आयोजित समारोह का शुभारंभ महाराजा के तैलचित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि महाराजा कामेश्वर सिंह का व्यक्तित्व केवल राजशाही तक सीमित नहीं था। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, विमानन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मिथिला में शैक्षणिक संस्थानों और शोध की परंपरा को मजबूत करने में उनकी भूमिका को आज भी याद किया जाता है। वक्ताओं ने भूदान आंदोलन में उनके योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने विनोबा भावे के आंदोलन के दौरान करीब 1.17 लाख एकड़ भूमि दान की थी। उनका जीवन समाज के प्रति उदारता, शिक्षा के प्रसार और जनकल्याण की भावना का उदाहरण रहा है।
जयंती के अवसर पर आयोजित चिकित्सा शिविर में लगभग 250 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। डीएमसीएच एवं राज अस्पताल के चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए गए। इस पहल को महाराजा की जनसेवा और परोपकार की परंपरा से जोड़कर देखा गया।
कार्यक्रम के दौरान राजीव प्रकाश मधुकर, विजय कुमार पासवान सहित अन्य लोगों ने दरभंगा एयरपोर्ट का नाम महाराजाधिराज डॉ. सर कामेश्वर सिंह के नाम पर रखने की मांग उठाई। वक्ताओं का कहना था कि मिथिला के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को देखते हुए हवाई अड्डे का नामकरण उनके नाम पर किया जाना चाहिए। इस मांग को आगे बढ़ाने के लिए आगामी 6 दिसंबर को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को प्रस्ताव सौंपने की बात कही गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राज दरभंगा के मुख्य प्रबंधक सह राज अस्पताल के सचिव आशुतोष दत्ता, पूर्व भू-संपदा पदाधिकारी कर्म नाथ सिंह ठाकुर, रामकृष्ण लाल दास, मुरली जी, छात्र नेता उत्सव पारासर, जितेंद्र ठाकुर, संतोष सिंह, बबलु त्रिगुणायत, सुनील रॉय, राजू मंडल, दीपक, नीरज, अमरकांत झा, बुचुन, खुशबू कुमारी, संतोष झा, नीतीश, अशोक कुमार मंडल सहित सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

