निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 128 मरीजों की हुई जांच

WhatsApp Channel Join Now
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 128 मरीजों की हुई जांच


किशनगंज, 08 जुलाई (हि.स.)। पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ स्थित गैरामारी चौक में बुधवार को मोहम्मद हुसैन आज़ाद ट्रस्ट की ओर से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयों का लाभ उठाया। पूरे शिविर के दौरान कुल 128 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस शिविर में डॉक्टर मोहम्मद हंजला एवं उनकी चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की जांच की। ट्रस्ट द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में लगातार निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गैरामारी चौक पर यह शिविर लगाया गया, जिसका ग्रामीणों ने स्वागत किया।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श तथा नि:शुल्क दवा वितरण की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने वालों में 46 पुरुष, 32 महिलाएं, 38 वृद्धजन तथा 12 बालिकाएं शामिल रहीं।

चिकित्सकों ने मरीजों को मौसमी बीमारियों से बचाव, संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता अपनाने की सलाह भी दी। इस अवसर पर ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी शाईदा बानो ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को समय पर इलाज और चिकित्सकीय सलाह मिल सके। शिविर में ट्रस्ट के अन्य सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहे हैं, क्योंकि इससे उन्हें घर के नजदीक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और निःशुल्क दवाइयों का लाभ मिल रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story