नवगछिया और कहलगांव अनुमंडलीय अस्पतालों में निशुल्क डायलिसिस सेवा शुरू, किडनी रोगियों को बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले के किडनी रोगियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। विभाग द्वारा जिले के नवगछिया और कहलगांव अनुमंडलीय अस्पतालों में निशुल्क डायलिसिस सेवा की शुरुआत कर दी गई है।

इस सुविधा के शुरू होने से अनुमंडल स्तर पर ही मरीजों को अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मुफ्त इलाज मिलने लगा है, जिससे स्थानीय मरीजों और उनके परिजनों में खुशी की लहर है। अब तक नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले किडनी मरीजों को सप्ताह में दो से तीन बार डायलिसिस कराने के लिए जिला मुख्यालय स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सदर अस्पताल या महंगे निजी नर्सिंग होम का रुख करना पड़ता था।

इससे न केवल मरीजों को लंबी दूरी तय करने में शारीरिक कष्ट होता था, बल्कि यातायात और इलाज पर भारी रकम भी खर्च होती थी। अनुमंडलीय अस्पतालों में यह सुविधा शुरू होने से जिला स्तर के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव भी कम होगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों अनुमंडलीय अस्पतालों में आधुनिक डायलिसिस मशीनें स्थापित करने के साथ-साथ प्रशिक्षित चिकित्सकों और तकनीशियनों की तैनाती की गई है। निजी अस्पतालों में जहां एक बार डायलिसिस कराने का खर्च दो से तीन हजार रुपये तक आता है, वहीं सरकारी अस्पतालों में यह पूरी प्रक्रिया और आवश्यक दवाएं पात्र मरीजों को बिल्कुल निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस नई व्यवस्था से नवगछिया अनुमंडल के बिहपुर, खरीक, नारायणपुर, गोपालपुर, इस्माइलपुर और रंगरा प्रखंड के मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। दूसरी ओर, कहलगांव अनुमंडल के पीरपैंती और सन्हौला प्रखंड सहित झारखंड के सीमावर्ती इलाकों से आने वाले मरीजों के लिए भी यह केंद्र जीवनदायिनी साबित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story