गरीब प्रतिभाओं का ‘आइडियल 40’ बना उड़ान का मंच, सभी छात्रों ने बोर्ड में लहराया सफलता का परचम

WhatsApp Channel Join Now
गरीब प्रतिभाओं का ‘आइडियल 40’ बना उड़ान का मंच, सभी छात्रों ने बोर्ड में लहराया सफलता का परचम


गरीब प्रतिभाओं का ‘आइडियल 40’ बना उड़ान का मंच, सभी छात्रों ने बोर्ड में लहराया सफलता का परचम


सीवान, 03 अप्रैल (हि.स.)।

शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में उभर रहे आइडियल 40 निःशुल्क शिक्षा केंद्र ने इस बार बिहार बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर एक मिसाल कायम की है। आईपीएस अधिकारी विकाश वैभव की मुहिम “लेट्स इंस्पायर बिहार” के तहत संचालित इस केंद्र में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं ने परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

शहर के चित्रगुप्त मंदिर परिसर में संचालित इस शिक्षा केंद्र की खासियत यह है कि यहां आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों को दो वर्षों तक पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। पढ़ाई के साथ-साथ यहां आध्यात्मिक शिक्षा, योग और ध्यान का भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, जिससे छात्रों का सर्वांगीण विकास हो सके।

इस वर्ष आइडियल 40 की छात्रा मुस्कान कुमारी ने 91.4 प्रतिशत अंक लाकर टॉप किया, वहीं आमना खातून ने 90.4 प्रतिशत, सोनू कुमार ने 90 प्रतिशत, सुनीता कुमारी ने 90 प्रतिशत, अफसरी परवीन ने 89.2 प्रतिशत और प्रीति कुमारी ने 89 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य सभी विद्यार्थियों ने भी 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।

इस अवसर पर आइडियल 40 के संस्थापक डॉ रजनीश वर्मा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि “संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा के आड़े नहीं आती, जरूरत है सही मार्गदर्शन और अवसर की।”

कार्यक्रम में शिक्षक प्रो. रविन्द्र पाठक, सुनील तिवारी, अरुण कुमार, राजेश कुमार, संतोष कुमार, अनिल कुमार पाण्डेय के साथ वरीय अधिवक्ता अवधेश श्रीवास्तव, सामाजिक कार्यकर्ता शैलेन्द्र वर्मा, भारत भूषण पाण्डेय, राकेश सिन्हा, रवि प्रकाश श्रीवास्तव एवं जितेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आइडियल 40 की इस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि सही दिशा और समर्पण के साथ गरीब से गरीब छात्र भी ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story