जिले के 300 स्थानों पर साथ गूंजेगी बाल विवाह के खिलाफ गीत
अररिया 25 नवम्बर(हि.स.)।
विश्व बाल विवाह निषेध दिवस पर जागरण कल्याण भारती,जिला प्रशासन,जिला न्यायालय,एसएसबी 52वीं बटालियन, एसएसबी 56वीं बटालियन,आईसीपी जोगबनी एवं आरपीएफ कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में जिले भर में एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।इस अभियान के तहत जिले के 751 गांवों, नगर परिषद और पंचायतों सहित कुल 300 स्थानों पर 28 नवंबर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।सभी स्थानों पर संध्या छह बजे एक साथ स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों को बाल विवाह मुक्त अररिया जिला बनाने हेतु सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। इसके साथ ही संध्या के समय कैंडल मार्च और जागरूकता रैलियां निकालकर समाज में बाल विवाह जैसी कुप्रथा के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी।
इस अवसर पर जिला स्तर पर भी एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, जिला न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारी, एसएसबी, आईसीपी जोगबनी एवं आरपीएफ के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह को रोकने में साहसिक पहल करने वाली किशोरियों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले सहयोगियों को सम्मानित भी किया जाएगा। जागरण कल्याण भारती के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था प्रशासन और सुरक्षा बलों के सहयोग से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है। जानकारी जागरण कल्याण भारती के संजय कुमार ने बुधवार को दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

