जिला स्थापना दिवस पर निखरेगी कटिहार की प्रतिभा: 29 सितंबर से आम्रपाली केंद्र में तीन दिवसीय निःशुल्क चित्रकला कार्यशाला
कटिहार, 28 सितंबर (हि.स.)। कटिहार जिला स्थापना दिवस-2026 के अवसर पर जिला कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा आगामी 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक तीन दिवसीय निःशुल्क चित्रकला कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यशाला शहर के आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित होगी। इसमें सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, कला संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित कला प्रेमी और अभिभावक भाग ले सकेंगे।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के अनुसार, इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की युवा प्रतिभाओं को कला के क्षेत्र में मंच और उचित मार्गदर्शन प्रदान करना है। प्रतिदिन 3 घंटे की कक्षा में विशेषज्ञों द्वारा अलग-अलग विषयों पर आकर्षक कलाकृतियां बनाने की तकनीक सिखाई जाएगी। कार्यशाला के लिए आवश्यक मुख्य सामग्रियां विभाग द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, कार्यशाला में प्रतिदिन तैयार कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शीर्ष तीन कलाकृतियों को पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र दिया जाएगा।
कार्यशाला में सीटें सीमित रखी गई हैं, जिसके लिए इच्छुक प्रतिभागियों को जिला कला एवं संस्कृति विभाग कार्यालय में पहुंचकर पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण कराना होगा। प्रतिभागियों को अपनी व्यक्तिगत उपयोग की वस्तुएं जैसे पेंसिल, रबर, स्केल, कटर, ब्लैक मार्कर, पानी का पात्र, ब्रश पोंछने का कपड़ा, कलर पैलेट, कैंची और 0, 1, 3, 4, 6 नंबर के राउंड व फ्लैट ब्रश स्वयं साथ लाने होंगे। कार्यशाला के दौरान सभी प्रतिभागियों को विभागीय अनुशासन और दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

