बेली ब्रिज बंद होने से बदला रूट, भागलपुर-नवगछिया के बीच गंगा नदी में मुफ्त फेरी सेवा शुरू

WhatsApp Channel Join Now
बेली ब्रिज बंद होने से बदला रूट, भागलपुर-नवगछिया के बीच गंगा नदी में मुफ्त फेरी सेवा शुरू


भागलपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। विक्रमशिला सेतु पर बने अस्थायी बेली ब्रिज के बंद होने के बाद, जिला प्रशासन ने भागलपुर और नवगछिया के बीच आम लोगों के आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए गंगा नदी में वैकल्पिक जलमार्ग व्यवस्था को हरी झंडी दे दी है।

गुरुवार सुबह 6 बजे से दोनों छोरों के बीच मुफ्त फेरी सेवा का परिचालन आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया। यह सेवा रोजाना सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक निरंतर जारी रहेगी।

प्रशासन के इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है क्योंकि वे बिना किसी शुल्क के अपने सामान के साथ-साथ साइकिल और बाइक को भी बड़े जलयानों (जहाजों) के जरिए नदी पार करा पा रहे हैं। सुरक्षा कारणों और हादसों की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सामान्य देशी नावों के परिचालन पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर छोटे-बड़े जहाज पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और आपदा मित्र की तैनाती की गई है। इसके अलावा, घाटों पर कतार व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल मुस्तैद किया गया है। भागलपुर की ओर से यात्रियों के लिए बियाडा घाट (औद्योगिक क्षेत्र) और बाबूपुर घाट से जलयान चलाए जा रहे हैं, जबकि नवगछिया की ओर जाह्नवी गंगा घाट मुख्य कनेक्शन प्वाइंट के रूप में काम कर रहा है।

यात्रियों की भारी संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने बियाडा घाट पर जमीन का समतलीकरण कराया है। इसके साथ ही वाटरप्रूफ टेंट, रोशनी के लिए हाई-मास्ट लाइटें और बैरिकेडिंग की विशेष व्यवस्था की है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं बाबूपुर घाट पर तीन बड़े जलयानों को चौबीस घंटे मुस्तैद रखा गया है। वहीं सुरक्षा और तकनीकी कारणों से बरारी घाट से किसी भी तरह की फेरी सेवा संचालित नहीं की जा रही है। यहां वर्तमान में भारी क्रेन और मशीनरी की मदद से स्थायी इंस्टॉलेशन का काम चल रहा है। सफर करने वाले आम नागरिकों के स्वास्थ्य और खान-पान का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने घाटों पर मेडिकल कैंप स्थापित किए हैं। इसके अलावा, जरूरतमंदों के लिए जीविका समूह द्वारा संचालित ‘दीदी की रसोई’ की व्यवस्था भी की गई है, जहां यात्रियों के लिए भोजन का प्रबंध है। सड़क मार्ग बाधित होने का असर व्यापार पर न पड़े, इसके लिए बड़े और मालवाहक वाहनों (ट्रकों/लोडेड गाड़ियों) के परिवहन के लिए अलग से भारी क्षमता वाले कार्गो जहाजों का इंतजाम किया गया है, जिससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सामान्य बनी रहे। जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे शाम 6 बजे से पहले ही अपनी यात्रा पूरी कर लें और सरकारी गाइडलाइंस का पालन करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story