नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से ठगी

WhatsApp Channel Join Now
नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से ठगी


भागलपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। जिले के क्षनाथनगर थाना क्षेत्र से नौकरी के नाम पर एक युवती से धोखाधड़ी एवं बदसलूकी करने का मामला प्रकाश में आया है। जहां नाथनगर मनसकामना मंदिर स्थित माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस वक्त हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया जब ठगी की शिकार एक युवती अपने पैसे मांगने आरोपी शिक्षक राघवेन्द्र पासवान से स्कूल पहुंच गई।

युवती का आरोप है कि शिक्षक राघवेन्द्र पासवान ने नौकरी के नाम छः साल पूर्व पांच लाख रुपए लिए थे। पैसे मांगने पर शिक्षक ने युवती के साथ न केवल गाली गलौज किया बल्कि डंडे से मारने के लिए दौड़ गया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर गलत व्यवहार किया। युवती ने घटना की सूचना डायल 112 नंबर पर दिया। पुलिस मौके पर पहुंचकर पीड़िता को समझा बुझाकर घर भेज दिया। युवती का कहना है कि मेरी शादी होनेवाली है। मुझे पैसों की जरुरत है। यदि पैसे नहीं दिए तो मेरी शादी टूट जाएगी। यदि मेरी शादी टूट गई तो मै आत्महत्या कर लुंगी।

उल्लेखनीय है कि शिक्षक राघवेन्द्र पासवान भागलपुर समेत कई जिलों में बेरोजगार युवाओं को ठगने वाला एक संगठित गिरोह चलाता है और भोले भाले लोगों को विश्वास में लेकर पैसे की वसुली करता है। वहीं विरोध करने पर असामाजिक तत्वों का सहारा लेकर उन्हें डराता धमाकाता है। जबकि शिक्षक राघवेन्द्र पासवान के खिलाफ भागलपुर सिविल कोर्ट में ठगी का एक और मामला लंबित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story