लोन दिलाने को लेकर ठगी, आरोपी की सरेआम पिटाई

WhatsApp Channel Join Now
लोन दिलाने को लेकर ठगी, आरोपी की सरेआम पिटाई


भागलपुर, 17 मई (हि.स.)। लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां प्रियंका देवी नामक महिला ने मुकेश नाम के युवक पर तीन लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है।

महिला का कहना है कि मुकेश ने लोन दिलाने का झांसा देकर रुपये लिए, लेकिन न लोन दिलवाया और न ही पैसे लौटाए। रुपये वापसी नहीं होने से नाराज प्रियंका देवी ने अपने बेटों के साथ रविवार को मुकेश को मोक्षदा स्कूल के पास बुलाया और सरेआम उसकी पिटाई शुरू कर दी। महिला ने चप्पलों और हेलमेट से हमला किया, जबकि बेटों ने लात-घूंसों से मारकर उसे अधमरा कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यह हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा, लेकिन भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी युवक समेत महिला और उसके बेटों को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने मुकेश के बयान पर मां-बेटों समेत चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं प्रियंका देवी ने भी मुकेश पर लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने का केस दर्ज कराया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story