नशा और शराब तस्करों पर कटिहार पुलिस का तिहरा प्रहार: 95.33 ग्राम स्मैक व 85 लीटर देशी शराब बरामद, चार गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर नकेल कसने के लिए कटिहार पुलिस और एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 95.33 ग्राम स्मैक और 85 लीटर देशी शराब बरामद की है। बरारी, फलका और कुर्सेला थाना क्षेत्रों में की गई इन छापेमारियों के दौरान पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पहली बड़ी सफलता बरारी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को मिली। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने बड़ी भैंसदियरा स्थित बीएम कॉलेज के समीप छापेमारी कर भाग रहे दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से 90 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल बरामद हुए। गिरफ्तार तस्करों की पहचान कोढ़ा थाना क्षेत्र के झिटकिया निवासी तनिष्क कुमार (21 वर्ष, पिता- बबलू दास) और रूपेश कुमार (19 वर्ष, पिता- चंद्रशेखर दास) के रूप में हुई है।

दूसरी कार्रवाई में फलका थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ ग्राम फुलडोभी में छापेमारी कर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे फुलडोभी निवासी विकाश कुमार (पिता- दिनेश ततमा) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 5.33 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल बरामद किया गया। वहीं, तीसरी कार्रवाई कुर्सेला थाना क्षेत्र के ग्राम मेहर राम मंदिर टोला में की गई। गुप्त सूचना पर पुलिस बल द्वारा की गई छापेमारी में अपने घर से अवैध शराब का कारोबार कर रहे मेहर राम मंदिर टोला निवासी गौतम कुमार (पिता- जगदीश कुमार) को गिरफ्तार कर उसके घर से 85 लीटर देशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782440 Articles

Share this story