आवासीय विद्यालय सिमुलतला स्कूल की संचालक समिति में विद्या भारती के चार प्रधानाचार्य नामित

WhatsApp Channel Join Now
आवासीय विद्यालय सिमुलतला स्कूल की संचालक समिति में विद्या भारती के चार प्रधानाचार्य नामित


पटना, 29 अक्टूबर (हि.स.)।

बिहार सरकार ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय की संचालक समिति, सिमुलतला शिक्षा सोसायटी में विद्या भारती के विद्यालयों से जुड़े चार प्रधानाचार्यों को सदस्य नामित किया है। यह जनकारी विद्या भारती बिहार के सोशल मीडिया प्रमुख ओमप्रकाश कुमार ने दी।

उन्होंने बातचीत में बताया कि इस मनोनयन से विद्या भारती परिवार में प्रसन्नता का माहौल है। विद्या भारती एवं विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संस्थानों से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चारों वरिष्ठ शिक्षाविदों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

ओमप्रकाश कुमार ने कहा कि सिमुलतला आवासीय विद्यालय की संचालक समिति में विद्या भारती के चार अनुभवी प्रधानाचार्यों को सदस्य के रूप में नामित किया जाना हर्ष का विषय है। यह उनके शैक्षिक अनुभव, कार्यक्षमता और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के प्रति विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी सदस्य अपने अनुभव और कार्यकुशलता से विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

विद्या भारती बिहार क्षेत्र के संगठन मंत्री ख्यालीराम ने विश्वास व्यक्त किया कि इन कार्यकर्ताओं के शैक्षिक अनुभव एवं कार्यकुशलता से बिहार की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित शैक्षिक वातावरण के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।

विद्या भारती बिहार के क्षेत्र प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार ने भी इस मनोनयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चारों वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह मनोनयन विद्या भारती के अनुभवी एवं समर्पित शिक्षाविदों की कार्यक्षमता और शैक्षिक योगदान के प्रति विश्वास का परिचायक है।

नामित प्रधानाचार्य

श्रीराम सिंह : पूर्व प्राचार्य, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता, सीवान।

अनन्त कुमार सिन्हा : प्राचार्य, पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज सरस्वती विद्या मंदिर, हसनपुर, राजगीर।

सुमंत कुमार : प्राचार्य, आनंदराम ढांढ़निया सरस्वती विद्या मंदिर, बुढ़ानाथ रोड, वंशी झा लेन, भागलपुर।

संजय कुमार सिंह : प्राचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर, पुरानी गंज, मुंगेर।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768643 Articles

Share this story