नालंदा जिले में हुए अलग-अलग हादसे में तीन महिला समेत चार की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नालंदा, बिहारशरीफ 28 मार्च (हि.स.)। नालंदा थाना पुलिस ने बड़गांव सूर्य तालाब से लापता किशोर का शव आज शनिवार को बरामद किया। किशोर तीन दिनों से लापता था। पुलिस डूबकर मौत का अंदेशा जता रही है। मृतक यूपी के आजमगढ़ निवासी दिली रविदास के 15 वर्षीय पुत्र दिलवाले कुमार हैं। किशोर छठ में नत्थाचक गांव स्थित ननिहाल आया था। जहां सुबह के अर्ध्य के बाद वह नहाने के दौरान डूब गया था।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि डूबकर मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया। वहीं दूसरी घटना चंडी थाना इलाके में शनिवार को आई तेज आंधी ने एक महिला की जान ले ली। आंधी में एक घर से लोहे का पाइप उड़कर महिला के सिर पर गिर गया,जिससे उनकी जान चली गई। मृतका चिश्तीपुर गांव निवासी रुकेश राम की 30 वर्षीया पत्नी रूपा देवी हैं। मृतका के पति हैदाराबाद में रहकर मजदूरी करते हैं। सीओ सत्येंद्र कुमार ने बताया कि घटना की खबर मिली है। आवेदन मिलने पर प्रावधान के तहत परिवार को मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा।

सिलाव प्रखंड के गोरमा पंचायत के विंडीडीह आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका की शनिवार की सुबह सड़क दुर्घटना में मौत हो गई,जबकि, उनके शिक्षक पति जख्मी हो गए। मृतका शिशभूषण विद्यार्थी की 52 वर्षीया पत्नी किरण कुमारी हैं। परिवार ने बताया कि दंपती राजगीर दंत चिकित्सक के पास जा रहे थे। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने दोनों काे टक्कर मार दिया, जिससे महिला की मौत हो गई। जख्मी शिक्षक विम्स में इलाजरत हैं।

नगरनौसा थाना क्षेत्र के बदल बिगहा गांव के पास शनिवार को ट्रैक्टर के टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि, बाइक चालक पुत्र रामजी कुमार जख्मी हो गए। मृतका करायपरसुराय थाना क्षेत्र के मेढ़ना गांव निवासी कृष्ण पासवान की 54 वर्षीया पत्नी गीता देवी बतायी जाती हैं।थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया गया।इस संबंध में में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे

Share this story