भागलपुर को बड़ी सौगात: भागलपुर से खड़हारा (ढाका मोड़) तक बनेगा फोरलेन, 583.47 करोड़ का टेंडर जारी

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर को बड़ी सौगात: भागलपुर से खड़हारा (ढाका मोड़) तक बनेगा फोरलेन, 583.47 करोड़ का टेंडर जारी


भागलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर संसदीय क्षेत्र के विकास की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। भागलपुर से खड़हारा गाँव (ढाका मोड़) तक राष्ट्रीय राजमार्ग-133ई के चौड़ीकरण और फोरलेन सड़क निर्माण के लिए आधिकारिक तौर पर टेंडर जारी कर दिया गया है। कुल 36.600 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण पर 583.47 करोड़ की अनुमानित लागत आएगी।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल ने कहा कि यह सड़क उनका 'ड्रीम प्रोजेक्ट' रही है। इसके धरातल पर उतारने के लिए वे संसद से लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तक लगातार प्रयासरत थे। उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप ही आज टेंडर प्रक्रिया शुरू हो सकी है। इस सौगात के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

सांसद मंडल ने बताया कि NH-133E के फोरलेन बनने से भागलपुर और आसपास के इलाकों में आवागमन न केवल सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि समय की भी भारी बचत होगी। बेहतर रोड कनेक्टिविटी से स्थानीय स्तर पर व्यापार, कृषि, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को एक नई रफ्तार मिलेगी। टेंडर की प्रक्रिया पूरी होते ही संवेदक (ठेकेदार) का चयन कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू करा दिया जाएगा।

सांसद ने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए भागलपुर की जनता को बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने के लिए उनका प्रयास भविष्य में भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772914 Articles

Share this story