आगजनी में चार घर जलकर राख, आठ मवेशियों की मौत
अररिया 13 मई(हि.स.)।
फारबिसगंज प्रखंड क्षेत्र की भागकोहलिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-03 में मंगलवार की देर रात हुई भीषण आगजनी की घटना में आठ मवेशी सहित दस लाख रूपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जलाकर राख हो गया।
आगजनी के कारणों का अस्पष्ट पता नहीं चल पाया है। लेकिन कयास लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट से आगजनी की घटना घटित हुई। अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे चार परिवारों के आशियाने जलकर पूरी तरह राख हो गए।
घटना में घरों में रखे नगद रुपये, जेवर-जेवरात, कपड़े, अनाज समेत दैनिक उपयोग की सभी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। वहीं आग की चपेट में आने से आठ मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। आगलगी की इस घटना में लगभग दस लाख रुपये से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार देर रात अचानक एक घर से आग की लपटें उठनी शुरू हुईं। तेज हवा और सटे हुए घरों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आसपास के चार घर आग की चपेट में आ गए। आग की भयावहता ऐसी थी कि लोगों को घरों से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिल पाया। ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर और अन्य संसाधनों के सहारे घंटों मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग में लगभग 25 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवरात, अनाज, बर्तन, कपड़े, फर्नीचर और जरूरी दस्तावेज तक नष्ट हो गए। वहीं घरों में बंधे आठ मवेशी आग में बुरी तरह झुलस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने तक का संकट उत्पन्न हो गया है। सभी परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज विधायक मनोज विश्वास मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। विधायक ने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र राहत सामग्री उपलब्ध कराने एवं क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा दिलाने का निर्देश दिया।
मौके पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रियाज अंसारी, राजस्व विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राजस्व कर्मियों द्वारा क्षति का आकलन किया गया तथा पीड़ित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से बिजली के तार जर्जर एवं लूज स्थिति में हैं। कई बार विभाग को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण ही इतनी बड़ी घटना घटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

