सगी बहनों समेत मैरवा की चार फुटबॉल खिलाड़ियों का बिहार टीम में चयन

WhatsApp Channel Join Now
सगी बहनों समेत मैरवा की चार फुटबॉल खिलाड़ियों का बिहार टीम में चयन


सीवान, 20 फरवरी (हि.स.)। युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की पूर्वी क्षेत्र फुटबॉल चैम्पियनशिप के लिए घोषित बिहार की 18 सदस्यीय टीम में मैरवा की चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

चयनित सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सिक्किम पहुंच चुकी हैं। यह प्रतियोगिता 20 से 24 फरवरी 2026 तक नामची स्थित बाइचुंग स्टेडियम में आयोजित हो रही है।

रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी के संस्थापक संजय पाठक ने बताया कि शाही लंगरपूरा निवासी मनोज गोंड एवं उषा देवी की दो पुत्रियों निभा कुमारी और रोशनी कुमारी का चयन बिहार टीम में हुआ है। इसके अलावा शाही लंगरपूरा की प्रिया कुमारी तथा सकरा की सबिता कुमारी को भी टीम में स्थान मिला है।

निभा कुमारी को बिहार टीम का कप्तान घोषित किया गया है। वह रानी लक्ष्मी बाई स्पोर्ट्स एकेडमी की खिलाड़ी हैं तथा खेल कोटा से सीतामढ़ी समाहरणालय में निम्नवर्गीय लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। वहीं रोशनी कुमारी एकेडमी की पूर्व आवासीय खिलाड़ी रह चुकी हैं।

सबिता कुमारी खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, मैरवा से जुड़ी हैं, जबकि प्रिया कुमारी लोकमान्य तिलक फुटबॉल क्लब की खिलाड़ी हैं।टीम के साथ मैरवा की बेटी ममता को बिहार टीम का प्रबंधक नियुक्त किया गया है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर आईएमए सीवान के अध्यक्ष डॉ. शशिभूषण सिन्हा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, राम एकबाल गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश, मुख्य संरक्षक डॉ. आर.एन. ओझा, उमाशंकर प्रसाद, धर्मनाथ यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story