स्नातक से 40 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 अभ्यर्थी मैदान में

WhatsApp Channel Join Now
स्नातक से 40 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 अभ्यर्थी मैदान में


दरभंगा, 09 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 में नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से 40 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से 13 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन की तैयारियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 1,26,951 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 9,026 मतदाता पंजीकृत हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए 138 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 99 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन में दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर और बेगूसराय में क्रमशः 43, 32, 34 और 29 मतदान केंद्र हैं। वहीं, शिक्षक निर्वाचन के लिए इन जिलों में क्रमशः 32, 23, 24 और 20 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन कर्मियों के तीन चरणों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। उन्होंने निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story