573 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
573 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


कटिहार, 18 जून (हि.स.)। कटिहार जिले की बलरामपुर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने बजरागांव चेक पोस्ट के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वैन से कुल 573.240 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बलरामपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल की ओर से एक पिकअप वैन में अवैध शराब लादकर बजरागांव चेक पोस्ट की तरफ लाई जा रही है। सूचना की सत्यता जांचते हुए थानाध्यक्ष ने अपनी पुलिस टीम के साथ बजरागांव चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन वहां पहुंची।

पुलिस बल को देखकर वैन में सवार दो व्यक्ति घबरा गए और तेजी से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने उन्हें खदेड़ कर दबोच लिया। जब पुलिस ने उक्त पिकअप वैन की विधिवत तलाशी ली, तो उसके अंदर से भारी मात्रा में विदेशी शराब मिली, जिसका कुल आयतन 573.240 लीटर मापा गया।

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान शंभू शर्मा (पिता- नारायण शर्मा) और गुलशन कुमार (पिता- रामानंद मंडल) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र स्थित बनमनखी गांव के ही रहने वाले हैं।

पुलिस ने बरामद शराब और तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वैन को जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और

गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story