छह चक्का कंटेनर से 5916 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद,चालक गिरफ्तार
अररिया 14 सितम्बर(हि.स.)। जोकीहाट थाना पुलिस ने गुप्त सूचन पर काकन टोल टैक्स के पास संदेह के आधार पर छह चक्का कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब का खेप बरामद किया।
कंटेनर से कुल 5916 लीटर अंग्रेजी शराब का खेप बरामद किया गया है। मामले में पुलिस ने गाड़ी के चालक वैशाली जिला के अमृतपुर वार्ड संख्या तीन निवासी 34 वर्षीय रमेश कुमार राय पिता बाबूलाल राय को गिरफ्तार किया है। जानकारी एसपी जितेन्द्र कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि सोमवार को जोकीहाट थानाध्यक्ष को यह गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगालके सिलीगुड़ी से शराब से भरा एक कंटेनर जोकीहाट के रास्ते वैशाली जिला जाने वाला है।
सूचना पर जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार, अनिल कुमार यादव, एएसआई बालकृष्ण महतो और गृहरक्षक के जवानों के साथ एक छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी दल ने संदेह के आधार पर पश्चिम बंगाल नंबर के छह चक्का कंटेनर संख्या डब्ल्यूबी 41 एफ/4271 को रोककर उनकी तलाशी ली तो तलाशी के क्रम में कंटेनर से 5916 लीटर अंग्रेजी शराब का खेप बरामद किया गया मामले में गाड़ी के चालक वैशाली जिला निवासी रमेश कुमार राय को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने पूछताछ में पश्चिमबंगाल से वैशाली शराब का खेप लेकर जाने की बात स्वीकार की है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

